गरियाबंद

पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से हमला
22-Oct-2025 7:34 PM
पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा/अभनपुर, 22 अक्टूबर। अभनपुर इलाके में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। खून से लथपथ युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र में का है। जानकारी के अनुसार अभनपुर क्षेत्र के नायकबांधा गांव निवासी आकाश मरकाम का बिरेझर चौकी अंतर्गत हथबंद गांव निवासी चंद्रशेखर साहू पिता शत्रुघ्न साहू (22) से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आकाश मरकाम ने चंद्रशेखर साहू पर धारदार हथियार (चाकू) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ चंद्रशेखर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे घायल अवस्था में अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर साहू के बाईं जांघ, कलाई और छाती में चोटे आई हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


अन्य पोस्ट