गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद/राजिम, 9 सितंबर। छुरा इलाके में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। जहां तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, सिवनी निवासी मुरली कुमार ओगरे ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि 7 सितंबर की रात युवराज ध्रुव, किरण बघेल और अमन ध्रुव उनके भतीजे अनुज ओगरे से विवाद करने लगे। उनके बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवराज ध्रुव ने धारदार चाकू से अनुज के पेट में वार कर दिया।
हमले में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और खून बहने लगा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों युवराज ध्रुव, अमन ध्रुव और किरण बघेल को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।