गरियाबंद

चरित्र संदेह, पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
30-Aug-2025 9:57 AM
चरित्र संदेह, पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 29 अगस्त। एक युवक ने अपनी पत्नी की रॉड से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद हडक़ंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, अभनपुर क्षेत्र के ग्राम टोकरो निवासी मुकेश सेन अपनी पत्नी प्रियंका सेन के चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार 27 अगस्त की रात पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। गुस्से में आकर मुकेश ने घर में रखी लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। हमले से प्रियंका खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 घटना के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इधर गुरुवार को इलाज के दौरान प्रियंका की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट