गरियाबंद

राजिम में भोलेनाथ का सहस्त्र जलधारा अभिषेक
06-Aug-2025 4:06 PM
राजिम में भोलेनाथ का सहस्त्र जलधारा अभिषेक

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजिम, 6 अगस्त। सावन के चौथे सोमवार को राजिम में भव्य सहस्त्र जलधाराभिषेक कार्यक्रम बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिर में हुआ। विधायक रोहित साहू अपनी धर्मपत्नी भुनेश्वरी साहू के साथ गर्भगृह में पहुंचकर महादेव की विधिविधान से पूजा करते हुए समूचे राजिम विधानसभा क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामना की।

इस दौरान विधायक रोहित साहू और उनकी धर्मपत्नी भुनेश्वरी देवी साहू भी लगभग आधा किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला में खड़े होकर जलाभिषेक के लिए महानदी के पवित्र जल की बाल्टी को एक हाथ से सरकाते हुए, दूसरे हाथ से पहुंचाते रहे। मंदिर के गर्भगृह में पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच बाबा गरीबनाथ महादेव का दोपहर 2 बजे तक अनवरत सहस्त्र जलधाराभिषेक होता रहा। जलधाराभिषेक में राजिम नगर सहित आसपास के अनेक गांवों के भक्तजन भी शामिल हुए। इधर मेन रोड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू, महासमुंद के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, राजिम के पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक़, नगर पंचायत के अध्यक्ष महेश यादव, जनपद पंचायत फिंगेश्वर के पूर्व अध्यक्ष राघोबा महाडिक़, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, भाजपा मंडल राजिम के अध्यक्ष रिकेश साहू, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य एवं भाजपा के महामंत्री चंद्रशेखर साहू, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम अग्रवाल, विकास तिवारी, नगर पंचायत के पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। एक ओर बाबा गरीबनाथ में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, दूसरी ओर प्रसादी वितरण में भीड़ उमड़ पड़ी। धर्म नगरी राजिम में आस्था और श्रद्धा का सैलाब देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने सावन सोमवार की बधाई देते हुए कहा कि भोलेबाबा हर घर में खुशहाली लाएं। गरीबनाथ बाबा की कृपा छत्तीसगढ़ और राजिम क्षेत्र के लोगों पर बनी रहे। आप लोगों ने अपने बेटे को विधायक बनाया है। डेढ़ वर्ष में ही नगर पंचायत राजिम के लिए 7 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है।


अन्य पोस्ट