गरियाबंद

सत्येश्वर महादेव का जलाभिषेक
25-Jul-2025 4:25 PM
सत्येश्वर महादेव का जलाभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 25 जुलाई। नगर के श्री सत्यनारायण मंदिर में कंसारी महिला संगठन कसेर समाज द्वारा सावन माह के दूसरे सोमवार को बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ जलाभिषेक किया गया।

 मंदिर के पुजारी पं. भागवत प्रसाद मिश्रा द्वारा मंत्रोच्चार के साथ भगवान सत्येश्वर महादेव में बेलपत्र, पुष्प, दूध, चावल, श्रीफल, श्रृंगार सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। समाज के सभी श्रद्धालुओं ने बोलबम और ओम नम: शिवाय, हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। तत्पश्चात भजन मंडली द्वारा हर-हर, हर भोले... बाबा तेरी क्या बात है... मेरा भोला है भंडारी... जैसे मधुर भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

इस अवसर पर समाज अध्यक्ष सहदेव कंसारी ने कहा कि आज पूरा समाज शिव भक्ति में लीन है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जलाभिषेक के कार्यक्रम में सभी ने उत्साह दिखाया। भगवान शिव की भक्ति में अपार शक्ति है। महिला संगठन की अध्यक्ष सरोज कंसारी ने कहा कि शिव को प्रसन्न करने के लिए जलाभिषेक का विशेष महत्व है। जल पवित्रता का सूचक है। इसे भगवान को अर्पित कर भक्त अपने मन की पवित्रता, निर्मलता और हृदय में सद्भावना की प्रार्थना भगवान से करते हैं। शिव का अर्थ है कल्याण।

 भगवान शिव की पूजा अनादि काल से चली आ रही है। सभी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए शिव की पूजा की जाती है। महिला संगठन की सचिव धर्मीन कंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति, युवा संगठन, भजन मंडली, महिला संगठन सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


अन्य पोस्ट