गरियाबंद

नवापारा-राजिम, 22 जुलाई। अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल की सामाजिक संस्था द्वारा शहर के श्री राधाकृष्ण मंदिर स्थित वृंदावन कुंज में उमंग सावन शॉपिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित व बढ़ावा देना है।
इस आयोजन से होने वाली आय का उपयोग शहर के विभिन्न स्कूलों की जरूरतमंद छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य लाभ, टीकाकरण और अन्य सेवा कार्यों में किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि रायपुर, धमतरी, कोलकाता, जयपुर और ओडिशा जैसे अन्य स्थानों से भी स्टॉल लगाए गए थे।
जहां महिलाओं ने अपनी कला के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल का भी परिचय दिया। अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल ने इस आयोजन में शानदार प्रदर्शन किया। मंडल की प्रत्येक सदस्य ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। लोग स्वयं सेवा की इस श्रृंखला में शामिल होने के लिए आगे आ रहे हैं। यह संस्था के लिए गौरव की बात है। आयोजन समिति की अध्यक्ष और सभी कार्यकर्ताओं ने शहरवासियों, पत्रकारों और अन्य सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।