गरियाबंद

राजस्व मंत्री ने किए राजीव लोचन और कुलेश्वर महादेव के दर्शन
22-Jul-2025 8:16 PM
 राजस्व मंत्री ने किए राजीव लोचन और कुलेश्वर महादेव के दर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 22 जुलाई। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा सोमवार को सपत्नीक धार्मिक नगरी राजिम पहुंचे। उन्होंने त्रिवेणी संगम स्थल पर स्थित भगवान कुलेश्वर नाथ महादेव और भगवान श्री राजीव लोचन के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय भी मौजूद थे।

कुलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान एक विशेष दृश्य देखने को मिला, जब मंत्री टंकराम वर्मा ने स्वयं भक्तिभाव से भजन गाए। उनकी वाणी में शिव भक्ति का भाव सुनकर भक्तगण भावविभोर हो गए। दर्शन के बाद उन्होंने तीन दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक पूजन कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक, भजन संध्या और सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से राजिम नगरी पूरी तरह शिवमय हो गई। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राजिम जैसे तीर्थस्थल पर इस तरह का आयोजन छत्तीसगढ़ की धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने का काम करता है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, सभापति आकाश राजपूत, कुलेश्वर साहू, संजीव साहू, अमर ठाकुर, रेणुका साहू, जितेंद्र पेंदरिया, युवराज साहू, सुरेश पटेल, अजय पटेल सहित भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालुगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट