गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 14 जून। गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को नवापारा नगर पालिका की नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि एक गहरी मानवीय त्रासदी है जिसमें न जाने कितने सपने अधूरे रह गए और न जाने कितने जीवन असमय समाप्त हो गए। श्रीमती राव ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है, जिसने पूरे देश को अथाह दुख में डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।
परिवार जनों के प्रति गहरी संवेदना - टिकेन्द्र
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभनपुर जनपद के पूर्व सभापति टिकेन्द्र सिंह ठाकुर ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना काफी दुखदाई दुर्घटना है। हम सभी बहुत दुखी हैं। विमान हादसे में विदेशी नागरिक भी मारे गए हैं।
दु:ख की घड़ी में हम सभी उन सभी परिवार जनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
हादसा देश और विश्व के लिए अत्यंत दु:खद व पीड़ादायक - अग्रवाल
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्याम अग्रवाल ने कहा कि अहमदाबाद में हुई यह घटना दिल दहलाने वाली है। किसी ने सोचा नहीं था, अचानक ऐसा हो गया। यह हादसा देश और विश्व के लिए अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है।
हमारी संवेदनाएं इस दु:ख की घड़ी में मृतकों के परिवारजनों के साथ है और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।
भारत के साथ पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया - चंद्रशेखर साहू
पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत हृदय विदारक है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने से हम सभी अत्यंत दुखी हैं।
इस घटना ने भारत के लोगों के साथ-साथ पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी भी इस दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति प्रदान करें।
साथ ही मृतकों के परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।