दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 नवंबर। जमीन बिक्री के नाम पर प्रार्थी से 20, 95,000 रुपए लेकर दूसरे व्यक्ति को जमीन बेचने वाले दो आरोपियों को रानी तराई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों ने ग्राम बीजा भाठा में जमीन बिक्री का सौदा कर प्रार्थी से कुल 20,95,000 प्राप्त कर लिए थे। बाद में आरोपियों ने यह जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी और प्रार्थी की रकम वापस करने में टालमटोल करते रहे।
पुलिस ने बताया कि 1 नवंबर को ग्राम बीजा भाठा निवासी प्रार्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में आरोपी मुकेश साहू द्वारा अपनी जमीन बिक्री करने के नाम पर सौदा करते हुए प्रार्थी से कुल 20,95,000 रुपए प्राप्त कर लिए थे। इसके बाद आरोपी ने धोखाधड़ी करते हुए जमीन किसी अन्य को बेच दी थी। जब प्रार्थी ने अपनी रकम मांगी तो आरोपी द्वारा टालमटोल किया गया। इस कार्य में आरोपी उमेंद्र कुमार साहू निवासी जुनवानी भी सहयोग करते हुए जमीन बिक्री की प्रक्रिया निष्पादित करने में अपनी भूमिका निभाई थी। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। आरोपियों की मामले में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि जब्त किया गया है।