दुर्ग

बेटी की शादी में कर्ज का बहाना बनाकर पति-पत्नी ने महिलाओं से ठगे 16 लाख
21-Nov-2026 8:31 PM
बेटी की शादी में कर्ज का बहाना बनाकर पति-पत्नी ने महिलाओं से ठगे 16 लाख

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 नवंबर। बैंक से लोन दिलाने के नाम पर पति-पत्नी ने कई महिलाओं को अपने झांसे में लेकर उनके नाम पर ऋण खाते खुलवाए और लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। एक महिला से 1.60 लाख रुपये की ठगी के मामले में जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया खिलेश्वरी साहू ग्राम सिरसा खुर्द निवासी है। 7 जुलाई 2025 को सिरसा खुर्द निवासी वार्ड 20 में वार्ड पंच ललिता राजपूत एवं उसका पति बलराम राजपूत ने अपनी बेटी की शादी में कर्ज हो जाने से परेशान होने की बात कहते हुए मदद मांगी और प्रार्थिया को बहला फुसला कर उसके नाम से बैंक में लोन अकाउंट खुलवाकर 1,60,000 रुपए की रकम ट्रांसफर करवा कर अपने पास रख लिए। कुछ दिन तक आरोपियों ने लोन की किस्त जमा किये इसके बाद लोन देना बंद कर दिया था और अपने परिवार के साथ कहीं और रहने चले गये थे।

प्रार्थिया ने शिकायत में पुलिस को जानकारी दी है कि आरोपी पति-पत्नी ने कीर्ति ढीमर से खाता खुलवाकर 350000 रुपए, कौशल्या सार्वे से100000 रुपए, उर्मिला सार्वे से 320000 रुपए गोमती देवार से खाता खुलवाकर उसके खाते से 70000 रुपए, पेमीन ढीमर के नाम से खाता खुलवाकर 350000 रुपए, डोमीन सार्वे के नाम से 200000 रुपए, मनीषा सार्वे के नाम से 60000 रुपए, उत्तरा गोस्वामी के नाम से 10000 रुपए कुल 16,20,000 की धोखाधड़ी महिलाओं के साथ की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट