दुर्ग

सामाजिक भवन का मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया लोकार्पण
21-Nov-2026 8:30 PM
सामाजिक भवन का मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 नवंबर। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के पचरीपारा वार्ड में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण केबिनेट मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने किया। उन्होंने भवन को क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि सामाजिक भवन समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे।

उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन केवल आयोजनों के लिए एक स्थान नहीं, बल्कि समाज के लोगों के एक साथ जुडऩे, विचारों के आदान-प्रदान और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का केंद्र होते हैं। इस भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि दुर्ग विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचनाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और हर वार्ड में बेहतर सुविधाएं विकसित हों। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास निरंतर जारी रहेगा। जनता की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।


अन्य पोस्ट