दुर्ग

चित्रकला स्पर्धा के जरिए रंगों से दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश
22-Nov-2026 7:25 PM
 चित्रकला स्पर्धा के जरिए रंगों से दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

पाखी भगत और प्रिंस पटेल बने अपने-अपने वर्ग के विजेता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 नवम्बर।
ऊर्जा दक्षता ब्यूरो और विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन पावरग्रिड के 400/220 केवी रायपुर उपकेंद्र कुम्हारी में किया गया। विद्यार्थियों ने ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं और बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजनीश तिवारी मुख्य महाप्रबंधक परिसंपत्ति प्रबंधन, पश्चिमी क्षेत्र-1 पावरग्रिड ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा को निखारने और ललित कला के क्षेत्र में करियर बनाने का सशक्त माध्यम हैं। विशिष्ट अतिथि सोमा घोष उपायुक्त, के.वि.सं. रायपुर और निहार रंजन साहू वरिष्ठ परियोजना समन्वयक, क्रेडा ने ऊर्जा दक्षता को राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक बताया। इससे पूर्व राज्य नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ महाप्रबंधक आर पी साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि समापन पर प्रबंधक अरविंद टोप्पो ने आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के ग्रुप ए (कक्षा 5 से 7) में प्रथम विजेता पाखी भगत डीपीएस रिसाली दुर्ग, द्वितीय दक्षित कुमार सिंह सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल रायगढ़, तृतीय आराध्या सोंढी सेंट प्राइवेट अकादमी मनेन्द्रगढ़, ग्रुप बी (कक्षा 8 से 10) में प्रथम प्रिंस पटेल सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल रायगढ़, द्वितीय आद्या तिवारी ओपी जिंदल स्कूल खरसिया, तृतीय विजेता विशाल प्रधान शासकीय उ.मा. विद्यालय, रायगढ़ रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय दीपक कुमार उप महाप्रबंधक  रायपुर तथा डॉ. श्रुति तिवारी प्रबंधक एवं राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता 2026 की समन्वयक द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से कुल 83 हजार 385 विद्यार्थियों की सहभागिता प्राप्त रही।


अन्य पोस्ट