दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर मैत्री कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर, अंजोरा (दुर्ग) के पीडोडोंटिक्स एवं प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री विभाग द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनाथालय एवं स्कूल ऑफ ब्राइट माइंड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के दांतों एवं मौखिक स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की गई। जांच में सामने आई समस्याओं के अनुसार बच्चों को आवश्यक निवारक एवं दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, नियमित रूप से दांतों की सफाई रखने और स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने के बारे में जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत बच्चों के लिए संवादात्मक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें उन्हें दांतों की उचित देखभाल और मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के तरीके समझाए गए। बच्चों को नियमित ब्रश करने की आदत विकसित करने के लिए डेंटल किट वितरित किए गए। इसके अलावा बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
यह कार्यक्रम विभागाध्यक्ष डॉ. दिव्या साहू के मार्गदर्शन में तथा कॉलेज के डीन डॉ. प्रदीप बाबू कोम्मी एवं डॉ. संजीव सिंह के निर्देशन और सहयोग से संपन्न हुआ। इस पहल के माध्यम से विभाग ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें बेहतर दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही अच्छी मौखिक स्वच्छता की आदत विकसित करना तथा यह संदेश देना था कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने का समान अधिकार है। आयोजकों ने कहा कि मौखिक स्वास्थ्य संपूर्ण शारीरिक स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है।
युवा उत्सव में 230 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
दुर्ग, 21 नवंबर। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 18 नवंबर को सतनामी आश्रम, सिविल लाइन कसारीडीह में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में दुर्ग, धमधा एवं पाटन विकासखंड के 230 से अधिक प्रतिभागियों ने 9 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में महापौर अल्का बाघमार मुख्य अतिथि एवं संयुक्त कलेक्टर उत्तम सिंह पंचारी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। समापन समारोह में पद्मश्री डॉ. आरएस बारले मुख्य अतिथि तथा पार्षद सरिता विनोद चंद्राकर शामिल हुईं। युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, विकसित भारत चौलेंज ट्रैक एवं क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिले से चयनित 9 विधाओं के कुल 72 कलाकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो कि 10 से 12 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित होगा। महापौर ने कहा कि युवा उत्सव कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करता है तथा युवाओं का मनोबल बढ़ाकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देता है। समापन कार्यक्रम का आयोजन सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग बालकदास डहरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।