दुर्ग

गलत बीमा पॉलिसी नंबर से किसान परेशान
22-Nov-2026 7:59 PM
गलत बीमा पॉलिसी नंबर से किसान परेशान

कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ने सरकार को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 नवंबर।
अर्णव और मुरासु तूफान के बाद अब अकवान चक्रवात की बेमौसम बारिश से धान की फसल को हुए नुकसान के बीच फसल बीमा योजना की खामियां सामने आने लगी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर से ढौर सोसायटी के किसानों ने शिकायत की है कि समिति से मिले बीमा पॉलिसी नंबर मुख्यमंत्री टोल फ्री नंबर पर जांच कराने पर गलत बताए जा रहे हैं।
किसान राजेन्द्र यादव, डोमार यादव, तननु यादव, संतराम यादव और विजय यादव सहित अन्य किसानों ने बताया कि बारिश और तूफान से फसल खराब होने के बाद वे बीमा क्लेम की जानकारी लेने पहुंचे, लेकिन पॉलिसी नंबर गलत होने से दावा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। इससे किसान आर्थिक परेशानी के साथ कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
राकेश ठाकुर ने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए सरकार से सभी बीमा पॉलिसी नंबरों का तत्काल सत्यापन कराने, फसल नुकसान का पारदर्शी सर्वे और प्रभावित किसानों को मुआवजा एवं बीमा राशि दिलाने की मांग की है। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुधारने और बारिश से प्रभावित किसानों के लिए नए टोकन जारी करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि अर्णव और मुरासु तूफान से हुए नुकसान का भी अब तक समुचित आकलन नहीं हुआ है। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
 


अन्य पोस्ट