दुर्ग

संतुलित आहार, हमर अधिकार अभियान : खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज
21-Nov-2026 8:29 PM
संतुलित आहार, हमर अधिकार अभियान : खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 नवंबर। आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 16 से 30 नवंबर तक संतुलित आहार, हमर अधिकार विशेष जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम भोजनालयों, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैंटीन का लगातार निरीक्षण कर रही है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी जितेंद्र नेले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिचा शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारदराम कोमरे की टीम द्वारा जांच की जा रही है।

 इस दौरान कृत्रिम रंग मिले खाद्य पदार्थ, कीड़े लगे और बासी भोजन मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है। वहीं, साफ-सफाई में लापरवाही तथा लाइसेंस और पंजीयन संबंधी अनियमितताओं पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाइसेंस एवं पंजीयन निलंबित किए जा रहे हैं।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने और वैध लाइसेंस व पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं।

अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट