दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 नवंबर। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में हुई। बैठक में शहर के विकास, सडक़, सीवरेज, सफाई व्यवस्था और राजस्व वसूली से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से अनुशंसा की गई।
राजस्व वसूली व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए वर्तमान निजी एजेंसी के सॉफ्टवेयर की जगह नया सॉफ्टवेयर लागू करने पर सहमति बनी। इसके लिए एक्सिस बैंक द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर का पहले परीक्षण किया जाएगा। सफल पाए जाने पर इसका उपयोग संपत्तिकर, राजस्व कर और अन्य शुल्कों की वसूली में किया जाएगा।
बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी अनुशंसा दी गई। इनमें जोन क्रमांक-2 में सीमेंटीकरण सडक़ निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये, वार्ड 20, 21 एवं 23 में सीवर लाइन बिछाने के लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपये तथा वार्ड 24 के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सीवरेज नवीनीकरण और नए सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए 1 करोड़ 74 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत जोन क्रमांक-3 में एसीसी चौक से पावर हाउस चौक तक नंदिनी रोड का 2 करोड़ 79 लाख 90 हजार रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आधुनिक वाहनों एवं मशीनों के उपयोग से सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर, चंद्रशेखर गवई एवं मन्नान गफ्फार खान सहित अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, उपायुक्त दिनेश कोसरिया, तरुणपाल लहरे, विजय पांडेय तथा निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।