दुर्ग
रात 12 बजे तक पढ़ाई करती रही,सुबह फंदे पर लटकती मिली लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10 वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरु होने से पहले ही जामुल थाना अंतर्गत एक 10वीं की छात्रा ने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 10वीं कक्षा की छात्रा एक दिन पहले सोमवार को स्कूल से एडमिट कार्ड लिया और रात 12 बजे तक पढ़ाई करती रही। सुबह कमरे में फंदे पर लटकती उसकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा के इस कदम से परिजनों में मातम का माहौल है।
जामुल थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह ने बताया कि घासीदास नगर जामुल निवासी नारायणी साहू (17 वर्ष) वह आत्मानंद विद्यालय हाउसिंग बोर्ड में कक्षा 10 में पढ़ रही थी। वह अपनी पांच बहनों के साथ रहती थी। सोमवार दोपहर 3 बजे वह स्कूल से एडमिट कार्ड लेकर घर पहुंची थी। इसके बाद सब कुछ सामान्य था। देर रात तक बहनों के साथ पढ़ाई की और बाद में सभी सो गए। मंगलवार की सुबह लगभग 5 बजे घर वालों ने देखा कि नारायणी फंदे पर लटकी हुई है। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतार कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए भेजा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्रा पढ़ाई को लेकर काफी तनाव में थी।
बोर्ड परीक्षा होने के कारण तनाव कुछ ज्यादा ही था और इसके कारण संभवत: आत्महत्या कर ली। बहरहाल जामुल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।


