दुर्ग
1.19 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा,आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 फरवरी। जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर जाली मृत्यु प्रमाण पत्र एवं केवाईसी दस्तावेजों का उपयोग कर 1 करोड़ 19 लाख रुपए की बीमा (एनपीएस) धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को पाटन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 16 फरवरी को एचडीएफसी लाइफ कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक ने लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया कि राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) से संबंधित खातों में फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर लगभग 1 करोड़ 19 लाख रुपए की राशि अनुचित तरीके से निकाली गई है। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाते हुए जाली मृत्यु प्रमाण पत्र, फर्जी आधार एवं अन्य केवाईसी दस्तावेजों के माध्यम से बीमा दावा प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम से मृत्यु दावा प्रस्तुत किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए। आरोपी राजेश कनोजिया जो दुर्ग क्षेत्र में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है। उसके द्वारा एनपीएस निकासी के नाम पर ग्राहकों से आधार, पेन एवं बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत किया जाता था।
जांच में यह भी पाया गया कि मृत्यु दावों में समान पते, अमान्य क्यूआर कोड युक्त प्रमाण पत्र, संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन जैसी अनियमितताएं थी।
प्रकरण में एचडीएफसी लाइफ का पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर ने भी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड करने एवं सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार करने की भूमिका पाई गई है। पाटन पुलिस ने मामले में धारा 316, 318, 336(2), 337, 338, 339, 340 (2), 61(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर एक आरोपी राजेश कनोजिया (44 वर्ष) निवासी पंचशील सेक्टर-01 बोरसी दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


