दुर्ग
दुर्ग, 12 फरवरी। जिले के दो सौ से अधिक शासकीय उचित मूल्य दुकानों में अब तक फरवरी का चावल भंडारण नहीं हुआ है। जिले में उपलब्ध नहीं होने पर उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह के आवंटन के लिए बालोद से चावल मंगाए जा रहे हैं। जिससे जैसे तैसे थोड़ा-थोड़ा करके दुकानों में चावल भंडारण कराने अधिकारियों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा है। वहीं फोर्टिफाइड चावल का अभी भी टोटा बना हुआ है। उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह के आवंटन के लिए बालोद जिले से चावल मंगाए हंै क्योंकि दुर्ग जिले में नान के गोदाम खाली हो चुके हैं जिसकी वजह से शासकीय उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह का चावल आवंटन विलंब से जारी हुआ। जिले में कुल 656 शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालित है।
इनमें लगभग साढ़े चार सौ में ही फरवरी का चावल भंडारण हो पाया है। दो सौ से अधिक में अभी तक फरवरी का चावल नहीं पहुंचा है। जिले में संचालित उचित मूल्य दुकानों में आवंटन के लिए लगभग डेढ़ लाख क्विंटल चावल की जरूरत होती है मगर जरूरत के हिसाब से अब तक चावल उपलब्ध नहीं हो पाया है। वहीं फोर्टिफाइड चावल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है। दूसरी ओर दो माह का चावल एक साथ वितरण के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में एक माह का फोर्टिफाइड युक्त एवं एक माह का नान फोर्टिफाइड चावल दिया जा रहा है। फोर्टिफाइड चावल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण भी फरवरी माह के भंडारण में विलंब हो रहा है।


