दुर्ग
परिजनों ने लगाया लापरवाली का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 फरवरी। जिला अस्पताल में डिलीवरी के दौरान लापरवाही किए जाने का मामला सामने आया है। डिलीवरी के बाद नवजात शिशु की मौत हो गई है। आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मदर टेरेसा नगर सडक़ नंबर 18 निवासी करिश्मा भारती (20 वर्ष) ने अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए बताया है कि चार दिन पूर्व वह जिला अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती हुई थी।
उसे लेबर पेन हुआ था। बच्चेदानी का मुंह नहीं खुला होने पर उसे लगातार टहलाया गया। उसे कहा गया की बच्चेदानी का मुंह पूरी तरह नहीं खुला है। 9 तारीख को दो बार दर्द बढ़ाने के लिए डॉक्टर द्वारा बाहर से खरीद कर इंजेक्शन मंगवाए गए और उसे लगाया गया था। आधी रात को उसे लेबर रूम में ले जाया गया, वहां पर डॉक्टरों द्वारा जबरन दबाव डालकर बच्ची को किसी तरह बाहर निकाला गया था जिससे बच्ची के मस्तिष्क एवं सीने में चोट आ गई थी। बच्ची को तुरंत बच्चों के आईसीयू में ले जाया गया था, जहां उसने थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया था। महिला के पति को डॉक्टर ने कहा कि उसे पहले से ही अंदर चोट लगी हुई थी, इस कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन आशीषन मिंज ने इस मामले में कहा है कि बच्ची की मौत का मामला सामने आया है, इसकी जांच की जाएगी। जो भी रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर जिसकी भी गलती पाई जाएगी, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


