दुर्ग

भुगतान की समस्या को लेकर परेशान हैं किसान
12-Feb-2026 3:59 PM
भुगतान की समस्या को लेकर परेशान हैं किसान

22 जनवरी के बाद धान बेचने वाले किसानों को अब तक नहीं मिली राशि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 फरवरी।
पहले धान बेचने के लिए बहुत से किसानों को टोकन व लिमिट की समस्या के चलते परेशान होना पड़ा। धान खरीदी के अंतिम समय में जैसे तैसे अपनी उपज बेच पाए तो अब भुगतान की समस्या को लेकर जिले के अनेक किसान परेशान हैं।

22 जनवरी के बाद धान बेचने वाले किसानों को अब तक उनके द्वारा विक्रय किए गए धान की राशि नहीं मिली है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 109 करोड़ 81 लाख रुपए का भुगतान बकाया है। जानकारी के अनुसार जिले में खरीफ वर्ष 2025-26 में 106830 किसानों कुल 1325.20 करोड़ रुपए का कुल 5590648.8 क्विंटल धान विक्रय किए हैं। इसके विरुद्ध किसानों को विक्रय किए गए धान की राशि भुगतान के लिए मार्कफेड से जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग को 1215 करोड़ 39 लाख रुपए प्राप्त हुआ है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अधिकारियों के अनुसार मार्कफेड से अब तक प्राप्त सभी राशि किसानों के खाते में भुगतान कर दिए हैं। जैसे-जैसे मार्कफेड से राशि मिल रही है तत्काल किसानों के खाते में भुगतान की जा रही है।

छग प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि एक तरफ तो शासन प्रशासन द्वारा धान खरीदी की राशि 3 दिनों के अंदर किसानों के खाते में भुगतान करने की दुहाई दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर जिले में 22 जनवरी के बाद से धान विक्रय करने वाले वाले किसानों को अब तक राशि नहीं मिली है। इनमें ज्यादातर वे किसान है जिन्हें पहले अपना धान विक्रय करने भटकना पड़ रहा था। अब धान बेचने के बाद वे भुगतान के लिए चक्कर काट रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रदेश संयोजक राइस मिल प्रसंस्करण विनायक ताम्रकार का कहना है कि 23 जनवरी से 6 फरवरी तक धान विक्रय करने वाले किसानों को उनके द्वारा विक्रय किए गए धान की राशि का अब तक भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक इन किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान की राशि तत्काल भुगतान करे।


अन्य पोस्ट