दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 फरवरी। मरोदा सेक्टर से अंडा अपने घर जा रहे मोटरसाइकिल चालक को कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल चालक प्रार्थी एवं पीछे बैठी उसकी मां को चोटें आई, वहीं प्रार्थी की मां को अधिक चोट आने पर उपचार के लिए अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है। पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ग्राम अंडा निवासी है और वह महेंद्रा हाउसिंग फाइनेंस भिलाई में प्राइवेट काम करता है। 4 फरवरी की शाम को वह अपनी बहन नेहा देशमुख के घर मरोदा सेक्टर से अंडा घर जाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर सीजी 07 सीजी 1707 से अपनी मां चंद्रलेखा देशमुख को पीछे बैठाकर निकला था। रिसाली से धनोरा रोड गोल्डन पार्क मैरिज पैलेस के सामने उमरपोटी की ओर से आ रही कार के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे प्रार्थी एवं उसकी मां दोनों मोटरसाइकिल से दूर जा गिरे। कार चालक अपनी वाहन लेकर रिसाली की ओर भाग निकला। प्रार्थी ने लोगों की मदद से अपनी मां चंद्रलेखा देशमुख को सेक्टर 9 अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है, वहीं मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


