दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जनवरी। मिलर्स से धान उठाव बंद होने के बाद लगातार उपार्जन केन्द्रों में धान की मात्रा बढ़ती जा रही है। जिले के 82 उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से भी अधिक हो गया है। अब तक 40 लाख 70 हजार 373 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। वहीं धान खरीदी के लिए मात्र 4 दिनों का समय शेष है।
जानकारी के अनुसार जिले में पंजीकृत 1 लाख 13 हजार 623 किसानों से 61 लाख 64 हजार 350 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है। अब तक 98 हजार 472 किसान 4970373 क्विंटल बेच चुके हैं। बचे शेष चार दिनों में अनुमानित लक्ष्य के अनुरूप लगभग 11 लाख क्विंटल और धान खरीदी होना है जो असंभव है। ऐसे अनेक किसान धान बेचने से वंचित हो जाएंगे।
वहीं दूसरी ओर उपार्जन केन्द्रों से खरीदी के अनुरूप धान उठाव नहीं हो पा रही है। नतीजन जिले के 27 उपार्जन केन्द्र ऐसे है जहां उठाव की गति धीमी होने के कारण 40-40 हजार क्विंटल से अधिक धान है। जिले उपार्जन केन्द्रों से अब तक मात्र 18 लाख 13 हजार 785 क्विंटल धान का उठाव हो पाया। वर्तमान में 3156588 क्विंटल का उठाव शेष है। अब तक खरीदे गए धान की कुल कीमत 1178 करोड़ 32 लाख 89 हजार रुपए है। वहीं धान खरीदी के दौरान जिले में ऋणी कृषकों से लिकिंग के माध्यम से 295 करोड़ 16 लाख 93 हजार रुपये की ऋण वसूली की गई है।


