दुर्ग
सोमवार तक टोकन लिमिट बढ़ाकर, धान परिवहन चालू करने मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किसानों के साथ कलेक्टर दुर्ग से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 दिसंबर। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ने किसानों के साथ कलेक्टर दुर्ग से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा उन्होंने सोमवार तक टोकन लिमिट बढ़ाकर, धान परिवहन चालू करने मांग की साथ ही सोमवार तक मांग पूरी नहीं होने पर टोकन लिमिट नहीं बढ़ाने पर जिले के धान खरीदी केंद्रों में बुधवार को तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि जिले में धान खरीदी की स्थिति काफी खराब है, किसान सबसे ज्यादा टोकन नही मिलने से परेशान है जिसे लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं वहीं धान उठाव नही होने से भी जाम की स्थिति निर्मित हो गई है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ किसान जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह से मुलाकात करने कलेक्टोरेट कार्यालय पहुचें जहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किसानों की ओर से बात रखते हुए कहा कि सबसे बड़ी परेशानी टोकन की है, सुबह से ही केंद्रों में टोकन के लिए लंबी कतारों के बीच किसान खड़े हो जाते हैं, मगर न तो ऑनलाइन और न ही ऑफलाइन टोकन मिल पा रहा है, कई किसान पखवाड़े भर से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सिस्टम में टोकन स्लॉट खुल ही नहीं रहा है। धान परिवहन न होने से खरीदी केंद्रों में जाम की स्थिति भी निर्मित होने को है उन्होंने टोकन लिमिट तत्काल बढ़ाने तथा नियमित रूप से धान उठाव कर परिवहन की मांग किया।
इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजन एवं किसानों के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंप कर अवगत कराया कि अगर सोमवार 15 दिसम्बर तक धान टोकन का लिमिट बढ़ाकर नियमित रूप से धान परिवहन शुरू नही कराया गया तो काँग्रेस पार्टी किसानों के साथ जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में बुधवार 17 दिसम्बर को तालाबंदी करेंगे। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी ।
श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार की नियत में ही खोट है, कई बार किसानों की समस्या से अवगत कराने के बाद भी सरकार के कान में जूं तक नही रेंगा है। भाजपा सरकार लगातार अन्नदाता किसानों को प्रताडि़त करने का काम कर रही है, इस तरह की समस्या भाजपा सरकार जान बूझकर पैदा कर रही है ताकि किसानों का धान नही खरीदना पड़े।
इसी तरह अगर धान खरीदी चलता रहा तो किसान तय समय मे अपना धान नही बेंच पाएंगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार भी धान खरीदते आई है लेकिन इस तरह का परेशानी कभी नहीं आया था। इस दौरान पुकेश चंद्राकर, नंदकुमार सेन,प्रदीप चंद्राकर, आनंद बघेल, प्रह्लाद वर्मा, द्वारिका साहू, अमृत राजपूत, अमित ठाकुर, अभिषेक जांगडे, बैकुंठ महानंद, वीरेन्द्र गोस्वामी, मुकेश साहू, हुलेशवर पटेल,धनजय वर्मा, सुरेन्द्र वर्मा, लोचन यादव, पालेशवर ठाकुर, विवेक चंद्राकर, सागर सेन,, राहुल साहू,थानेशवर ढीमर, बादल यादव, सत्यनारायण चंद्राकर, श्यामा चरण मनहर, हितेश निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे ।
इधर छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के आह्वान पर आज दुर्ग ब्लाक के तीन खरीदी केन्द्रों में किसानों ने धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने और किसानों को पर्याप्त संख्या में टोकन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आलबरस में खाड़ा, आमटी, मासाभाट आलबरस गांव के, निकुम केंद्र में मासाभाट, आमटी, रूदा, निकुम गांवों के और अंडा केंद्र में विनायकपुर, जंजगिरी, चिंगरी, अंडा गांवों के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी किसानों ने धान खरीदी की धीमी गति और टोकन मिलने में होने वाले कठिनाईयों के बारे में बताया कि पहली बार धान बेचने वाले किसानों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार किसानों को मजदूरी की राशि नहीं देना चाहिए, किन्तु खरीदी केन्द्रों में किसानों से मजदूरी की राशि वसूल की जा रही है, किसानों की मजबूरी का अनुचित फायदा उठाया जा रहा है, प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्त, मनोज मिश्रा ,सुमिरन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।


