दुर्ग
त्रिवेणी ज्ञान यज्ञ सप्ताह का तीसरा दिन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 दिसंबर। वीआईपी नगर शिव मंदिर के पास रिसाली में आयोजित त्रिवेणी ज्ञान यज्ञ सप्ताह के तीसरे दिन पंडित भूपत नारायण शुक्ल अमोरा बेमेतरा वाले अपने श्रीमुख से मृत्युलोक का बोध कराया। मुख्य जजमान ललिता विष्णु पाठक, शिवानी दीपक पाठक व गोपचंद पाठक के तत्वाधान में यह धार्मिक आयोजन कराया जा रहा है। इस आयोजन की खासबात यह है कि इसमें अलग अलग राज्यों से साधु संत व महंत अपनी उपस्थिति दे रहे हैं।
त्रिवेणी ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दौरान मंगलवार को पंडित भूपत नारायण शुक्ल ने बताया कि मृत्युलोक का मतलब है मरने वाला लोक। जन्म, कर्म और मृत्यु से मृत्युलोक बना है। पौराणिक कथाओं के अनुसार वह लोक (संसार) है जहां जन्म लेने वाले सभी प्राणियों की मृत्यु होती है। इसे पृथ्वी लोक भी कहते हैं, जो कर्मों का मंच है जहां आत्माएं जन्म-मृत्यु के चक्र से गुजरती हैं और अपने कर्मों का फल पाती हैं, तथा ज्ञान और मोक्ष प्राप्त करने का प्रयास करती हैं, यह एक नश्वर और अस्थायी स्थान है जहां मोह और माया का अनुभव होता है, इस लोक को आत्मा के विकास का स्थान माना गया है।
पंडित शुक्ल ने बताया कि गीता में भी भगवान श्रीकृष्ण गीता में अपने परम शिष्य अर्जुन से कहा था कि हे कौन्तेय! सूर्य के उत्तरायण होने पर शुक्ल पक्ष के दौरान, दिन के समय में जो पुण्यात्मा अपना देह त्यागता है, उसे तत्क्षण मोक्ष की प्राप्ति होती है।
वहीं, सूर्य के दक्षिणायन होने पर, कृष्ण पक्ष के दौरान, रात के समय में देह त्यागने पर व्यक्ति को चंद्र लोक में स्थान प्राप्त होता है। एक निश्चित समय के बाद जीवात्मा को पुन: मृत्यु लोक में आना पड़ता है। गरुड़ पुराण में भी उच्च लोकों के बारे में वर्णन है। इसका अर्थ यह है कि हमारे पुराने ग्रंथों में मृत्यूलोक का वर्णन मिलता है।


