दुर्ग
दहेज के लिए पीडि़ता को किया प्रताडि़त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 दिसंबर। विवाह के 3 माह बाद ही दहेज के नाम पर पीडि़ता को प्रताडि़त करने वाले ससुराल वालों के खिलाफ पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पीडि़ता प्रेरणा लुनिया पति अमन लुनिया की शिकायत पर महिला पुलिस ने आरोपी पति अमन लुनिया, सास सितारा देवी लुनिया, ससुर पूर्व न्यायाधीश अशोक कुमार लुनिया, देवर आयुष लुनिया, अजय बोथरा लता बोथरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 एवं 3 (5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रेरणा लुनिया एमएससी बायोटेक की पढ़ाई की है और गृहणी है। उसकी शादी अमन लुनिया निवासी कालिका नगर कवर्धा के साथ 10 जून 2025 को नगपुरा तीर्थ स्थल दुर्ग में संपन्न हुई थी। विवाह में प्रेरणा के माता-पिता ने सभी आवश्यक घरेलू सामान, सोने चांदी के जेवरात सहित, 5 लाख रुपए फर्नीचर खरीदने के लिए नगद एवं उपहार में 25000 रुपए नगद दिए थे। शादी के बाद विदा होकर वह अपने ससुराल कालिका नगर कवर्धा चली गई।
शादी के 3 दिन बाद से ही उसका पति एवं ससुराल वाले दहेज के नाम पर प्रताडि़त करना शुरू कर दिए थे। शादी के लगभग 15 दिन बाद पति एवं बड़ा ससुर अजय बोथरा ने 6 लाख रुपए की मांग की थी तब पीडि़ता ने अपने पिता से मांग कर उन्हें यह रकम दी थी। ससुराल वाले मन मुताबिक दहेज नहीं मिलने की बात को लेकर उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करते थे। उस पर हमेशा दबाव दिया जाता था कि वह अपने मायके से नगद रकम लेकर आए। उसके पति ने 21 सितंबर को 2025 को कहा कि आज भिलाई में मेरी परीक्षा है मैं तुझे दुर्ग में छोड़ दूंगा परीक्षा खत्म होने के बाद तुझे मायके से लेते हुए घर आ जाऊंगा। यह कहकर वह मायके में घर के बाहर छोडक़र कहा कि वह परीक्षा देने केंद्र में जा रहा है लौट के आने के बाद वह उसे अपने घर लेकर जाएगा। उसके बाद से पति कभी वापस नहीं आया। काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद परेशान होकर पीडि़ता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है पुलिस मामले की जांच कर रही है।


