दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 सितंबर। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बिहार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में की गई अभद्र भाषा की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि दरभंगा की सभा में प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गीय माता के प्रति जिस प्रकार की अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया उसके मूल में स्वयं राहुल गांधी है। यह शिष्टाचार और राजनीतिक मर्यादा की सीधी अवहेलना है। यह अत्यंत दुखद है। लोकतंत्र में संवाद और सहमति के अपने आदर्श होते हैं। सुषमा स्वराज के वे शब्द आज भी इस स्मरणीय है, जब उन्होंने सदन में कहा था कि हम शत्रु नहीं बल्कि वैचारिक रूप से विरोधी हैं।
श्री यादव ने कहा कि जिस पार्टी ने कभी अपने आपको स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा और जिसे महात्मा गांधी की पार्टी कहा जाता था वही आज गाली वाली पार्टी बन गई। जब सत्ता हाथ नहीं आती तो वे जो लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए व्यक्ति पर व्यक्तिगत और अपमानजनक भाषा तक प्रयोग करने से नहीं चुकते।
उन्होंने कहा कि यह कैसी राजनीतिक संस्कृति और वातावरण है, जिसे कांग्रेस पार्टी भारत में स्थापित करना चाहती है? वे कहते हैं कि भाजपा की सरकार में हिटलरशाही और तानाशाही है।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से आज गाली की राजनीति केवल प्रधानमंत्री तक सीमित नहीं है। कांग्रेस और विपक्ष ने लगभग सभी संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाया है। आज चुनाव आयोग को भी रोज अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ता है, क्योंकि हर बार उनके (राहुल गांधी) द्वारा आयोग पर आए दिन आधारहीन आरोप लगाए जाते हैं। जो मुद्दे शिकायत दर्ज करने की जगह उठने चाहिए। उन्हें सडक़ों पर उछाला जाता हैं।
श्री यादव ने कहा कि कभी कांग्रेस का नारा था - गली-गली कांग्रेस, पर आज वही पार्टी गाली वाली कांग्रेस बन गई है। प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, बालोद जिला अध्यक्ष चिम्मन देशमुख, महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, जिला मीडिया प्रभारी राजा महोबिया उपस्थित रहे।


