दुर्ग
एसआईआर सत्यापन के लिए डुंडेरा में शिविर लगाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 3 फरवरी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तैयार की गई निर्वाचक नामावली में पाई गई विसंगतियों के चलते डुंडेरा और जोरातराई क्षेत्र के लगभग 1500 मतदाताओं को सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इन मतदाताओं को नामावली में नाम बरकरार रखने हेतु आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिसाली स्थित दशहरा मैदान में उपस्थित होकर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस मिलने से क्षेत्र में असुविधा की स्थिति बन गई है। इसे लेकर नगर निगम रिसाली और भिलाई के पूर्व एल्डरमैन तरुण बंजारे ने कलेक्टर दुर्ग से मांग की है कि डुंडेरा और जोरातराई के मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सत्यापन शिविर डुंडेरा में ही आयोजित किया जाए। तरुण बंजारे ने बताया कि दूरस्थ स्थान पर शिविर आयोजित होने के कारण मतदाताओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कई मतदाता निर्धारित तिथि पर रिसाली पहुंचने के बावजूद समय पर सत्यापन नहीं करा पा रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि शिविर डुंडेरा में लगाया जाता है तो ग्रामीणों को राहत मिलेगी और सत्यापन प्रक्रिया भी सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगी। ग्रामीणों की समस्याओं और बड़ी संख्या में जारी नोटिस को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर ही शिविर आयोजित करने की मांग प्रशासन से की गई है। इस अवसर पर ईश्वर साहू, मोनू तिवारी और योगेश फेकर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।


