दुर्ग

बच्चों को संस्कारित करना सर्वोच्च प्राथमिकता-फलेंद्र
17-Nov-2021 5:46 PM
बच्चों को संस्कारित करना सर्वोच्च प्राथमिकता-फलेंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 17 नवंबर।
बी एजुकेटेड मूवमेंट यूएसए तथा नेहरू युवा केन्द्र दुर्ग युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से संबद्ध शौर्य युवा संगठन आदर्श ग्राम कोडिय़ा ने अपने कार्यालय पर बाल दिवस का आयोजन किया।

शौर्य संगठन के शिक्षा एवं पुस्तकालय विभाग सह प्रभारी ममता साहू ने बताया कि संगठन अध्यक्ष फलेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा बाल दिवस का आयोजन किया गया था।  संगठन द्वारा संचालित फ्री कोचिंग के बच्चों द्वारा निबंध प्रतियोगिता, खेल, अनुभव साझा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

अध्यक्ष फलेंद्र पटेल ने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बाल दिवस के सम्बंध में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कहा बच्चों में नैतिकता के पतन को रोकना एवं उन्हें संस्कारित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। क्योंकि बच्चों को संस्कार देना ना सिर्फ बच्चों को संस्कारी बनाता है, बल्कि उनके साथ देश भी संस्कारवान बनता है। बाल्यकाल ही वह समय है जब बच्चों में संस्कार स्फुटित किया जा सकता है।

संगठन के सलाहकार ईशु साहू ने अपने छात्र जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि छात्र जीवन विभिन्न कलाओं को सीखने एवं उन्हें जीवंत करने का समय होता है। बचपन की छोटी-छोटी सीखें बाद के बड़े अनुभव होते हैं। उन्होंने सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों में शिक्षा के साथ खेल, कला एवं संस्कृति का विकास भी आवश्यक है।
संगठन के सचिव एवं मीडिया प्रभारी आदित्य भारद्वाज, सहसचिव लक्ष्मी निषाद, कार्यक्रम समन्वयक यादवेंद्र साहू, सांस्कृतिक विभाग सह प्रभारी गायत्री निषाद, खेल विभाग सह प्रभारी जमीन यादव, स्वच्छता विभाग प्रभारी खुमान निषाद सहित कोचिंग के बच्चे एवं शौर्य संगठन के सदस्य मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट