दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 सितंबर। निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने शहर में बढ़ते डेंगू प्रकरण को ध्यान में रखते हुए अधिकारी और कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया है। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके तहत शहर के सभी 60 वार्डों के क्षेत्रों में डेंगू से बचाव की तैयरियां शुरू कर दी गई हैं। स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर के सभी वार्डों में खासकर स्लम क्षेत्रों में डेंगू से निपटने के लिए घर-घर जाकर कूलर के पानी को खाली कर दवा छिडक़ा जा रहा है।
जलभराव वाले क्षेत्र एवं नालियों में दवा का छिडक़ाव एवं टेमिफॉस की दवा का वितरण किया जा रहा है। सभी वार्डों की गलियों में मच्छर के उन्मूलन हेतु फॉगिंग मशीन का उपयोग किया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए लोगों को अपने घरों के छत में अथवा आसपास के इलाकों में कहीं भी जमा पानी को खाली करने की हिदायत दी जा रही है। नगर निगम दुर्ग क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 17 शांति नगर, वार्ड क्रमांक 46 पद्मनाभपुर, वार्ड क्रमांक 43 कसारीडीह, वार्ड क्रमांक 31 आपापुरा एवं वार्ड क्रमांक 21 आशा नगर से कुल 8 डेंगू मरीज की पहचान हुई है। जिसमें से 6 मरीज रायपुर से एवं 2 मरीज नागपुर की टेवलींग हिस्ट्री पाई गई।
खुशी की बात यह है कि नगर निगम की मुस्तैदी से इन मरीजों से इनके परिवार संक्रमित नहीं पाए गए तथा इनके संपर्क में आये अन्य लोग भी संक्रमित नहीं हुए। आयुक्त हरेश मंडावी ने डेंगू पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को सभी वार्डों में सतत निगरानी एवं एलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।


