दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 सितंबर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2020-21 में आयोजित ऑनलाइन होम एग्जाम पद्धति से वार्षिक परीक्षा के कुल 51 परिणामों में से 43 परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसी संदर्भ में विश्वविद्यालय द्वारा कल बी.कॉम प्रथम वर्ष वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें उत्तीर्ण विद्यार्थिर्यों का प्रतिशत 97.37 रहा। परीक्षा में शामिल कुल 7913 विद्यार्थियों में से 7705 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 105 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए।
विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव, परीक्षा, डॉ. राजमणि पटेल के अनुसार 81 परीक्षार्थियों को बी.कॉम प्रथम वर्ष में पूरक की पात्रता मिली हैं तथा तकनीकी कारणों से 22 विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम रोके गए हैं।
डॉ. पटेल के अनुसार आज घोषित बी.कॉम द्वितीय वर्ष की परीक्षा में 98 प्रतिशत विद्यार्थियों को सफलता मिली। इसमें सम्मलित कुल 7805 विद्यार्थियों में से 7648 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। कुल 47 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे तथा 65 विद्यार्थी पूरक की पात्रता वाले घोषित किए गए। बी.कॉम द्वितीय वर्ष में 45 विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम रोके गए हैं।
इससे पूर्व घोषित एम.ए. पूर्व एवं अंतिम समाजशास्त्र में 99 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। स्नातक स्तर के बी.ए. तृतीय कक्षा में 97 प्रतिशत विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त हुई हैं तथा 171 विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम रोके गए हैं। एम.ए. पूर्व अंग्रेजी में जहां 98 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, वहीं एम.ए. अंतिम अंग्रेजी 93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। एम.ए. अंतिम हिन्दी तथा एम.ए. पूर्व राजनीति शास्त्र का परीक्षा परिणाम 98 फीसदी रहा। बीएससी भाग तीन में शामिल 8755 विद्यार्थियों में से 8548 विद्यार्थी सफल रहें. तथा 100 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम रोका गया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सी.एल. देवांगन ने जानकारी दी कि उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में प्रवेश हेतु सीट रिक्त रहने की स्थिति में छात्रहित में प्राचार्य स्तर से 17 सितंबर तक प्रवेश दिया जा सकेगा। कुलपति के अनुमति से 30 सितंबर तक प्रवेश दिए जाने की अनुमति प्रदान की गई है। छात्रहित में विश्वविद्यालय का अधिकृत पोर्टल ऑनलाइन प्रवेश आवेदन करने हेतु खोला गया है। विभिन्न महाविद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी तत्काल विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन रूप से आवेदन करें. किसी भी परिस्थिति में ऑफलाइन प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


