दुर्ग
भिलाई से 2, एक-एक रिसाली व दुर्ग निगम से, 2 सेक्टर-9 में और 2 जिला अस्पताल में भर्ती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 अगस्त। दुर्ग जिले में कल डेंगू के 4 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिसमें से दो का इलाज सेक्टर 9 अस्पताल में चल रहा है, जबकि 2 मरीज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि 4 ही मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री नागपुर एवं रायपुर से है। जिले में बाहर से आने वाले ही मरीज डेंगू पॉजिटिव मिल रहे हैं। स्थानीय स्तर पर एक भी मरीज डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला है। सेक्टर 7 में मिले मरीज के बाद नगर निगम के पार्षद लक्ष्मीपति राजू के द्वारा विधायक देवेन्द्र यादव के निर्देश पर नगर निगम भिलाई के सहयोग से क्षेत्र में बीती रात ही दवाई का छिडक़ाव कर संरक्षित किया गया है।
भिलाई नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत कल 2 एवं रिसाली नगर निगम एवं दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के शंकर नगर से एक-एक डेंगू के संक्रमित मरीजों की पुष्टि की गई है। नगर निगम भिलाई क्षेत्र के अंतर्गत एक 50 वर्षीय महिला निवासी कोहका एवं टाउनशिप एरिया में सेक्टर 7 में एक 24 वर्षीय युवक डेंगू पॉजिटिव मिला है। नगर निगम रिसाली क्षेत्र में तालपुरी से एक संक्रमित मरीज मिला है।
टाउनशिप एरिया में डेंगू मरीज मिलने की जानकारी प्राप्त होते ही पार्षद लक्ष्मीपति राजू के द्वारा तत्काल नगर विधायक देवेंद्र यादव एवं नगर निगम भिलाई के सहयोग से उक्त प्रभावित क्षेत्र में डेंगू प्रोटोकॉल के तहत दवाइयों का छिडक़ाव कराया गया। इस दौरान भिलाई स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा के सहयोग से आज सेक्टर 7 में डेंगू मरीज के पहचान होते ही पूरे सडक़ व पूरे ब्लॉक में फॉगिंग एवं छिडक़ाव किया गया, ताकि डेंगू का मच्छर न पनपे, साथ ही वहां के निवासियों को साफ सफाई एवं किसी भी बर्तन में पानी जमा न हो, इसका ध्यान रखने की समझाइश दी गई। संयंत्र प्रबंधन ने बताया कि सेक्टर 7 एवं कोहका में मिले दोनों ही मरीजों का इलाज सेक्टर 9 अस्पताल में चल रहा है।
मलेरिया अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि तीनों ही डेंगू मरीज की ट्रैवल्स हिस्ट्री नागपुर की है। तीनों ही लोग विगत दिनों नागपुर से होकर भिलाई पहुंचे हैं, जबकि सरस्वती विद्यापीठ शंकर नगर दुर्ग निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति प्रतिदिन रायपुर से आना-जाना करता है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर डेंगू का एक भी पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है, जो भी मरीज पॉजिटिव आ रहे हैं। उनकी ट्रैवल हिस्ट्री बाहर की ही है। हालांकि एहतियातन के तौर पर सभी सावधानी जिले में बरती जा रही है। ताकि डेंगू के संक्रमण की रोकथाम की जा सके। प्रभावित क्षेत्र का सर्वे करके आवश्यक दवाइयों का छिडक़ाव किया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों को लगातार सावधानी रखने के लिए जमे हुए पानी में दवाइयों का छिडक़ाव करने एवं कूलर, पुराने टायर, बर्तन आदि की साफ-सफाई रखने की हिदायत दी जा रही है, ताकि से डेंगू के संक्रमण को रोका जा सके।


