दुर्ग
भूजल भी पर्याप्त मात्रा में रिचार्ज नहीं हो पाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 अगस्त। जिले के सभी विकासखंडों में अब तक की स्थिति में सामान्य से भी कम वर्षा हुई है। छोटे बड़े सभी जलाशयों में पर्याप्त वर्षा के अभाव में जलभराव की स्थिति दयनीय है। वहीं भूजल भी पर्याप्त मात्रा में रिचार्ज नहीं हो पाया है। यदि आगे भी वर्षा नहीं हुई तो पानी की को लेकर समस्या विकट हो सकती है।
जिले में सामान्य से 73 मिमी कम वर्षा
वर्षा को लेकर प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 689 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है जो कि सामान्य औसत वर्षा 765 मिलीमीटर से 73 मिलीमीटर कम है दुर्ग जिले के अंतर्गत धमधा क्षेत्र में सबसे कम वर्षा हुई है। यहां आज की स्थिति में 538।3 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है जो कि विकासखंड के आज की तिथि में सामान्य औसत वर्षा 642।7 मिली मीटर से लगभग 104 मिलीमीटर कम है। इसी प्रकार दुर्ग विकासखंड अंतर्गत अब तक 708।8 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है, जबकि विकासखंड की सामान्य औसत वर्षा 785।2 मिलीमीटर है। वहीं पाटन विकासखंड अंतर्गत अब तक 820 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है जो कि विकासखंड की आज की तिथि में सामान्य औसत वर्षा 858।5 मिलीमीटर से कम है। जिले में सिंचाई के लिए पानी आपूर्ति करने वाले जलाशयों के अलावा निस्तारी तालाबों में भी जलभराव की स्थिति बहुत कमजोर है। इन परिस्थितियों में आने वाले समय में निस्तारी को लेकर भी संकट की स्थिति निर्मित हो सकती है। दुर्ग के निस्तारी तालाबों को भरने वाले तांदुला जलाशय में अब तक मात्र 17 प्रतिशत ही जलभराव हो पाया है, जिससे पानी की आपूर्ति मुश्किल है। किसानों का कहना है कि पर्याप्त वर्षा के अभाव में भूजल भी समुचित रिचार्ज नहीं हो पाया है। ऐसी स्थिति में आने वाले समय में मोटर पंपों से भी फसलों में पानी सिंचाई मुश्किल हो जाएगा।


