दुर्ग

अधिकारियों व कर्मचारियों को ठेकेदार ने धमकाया, रोष
26-Aug-2021 6:41 PM
अधिकारियों व कर्मचारियों  को ठेकेदार ने धमकाया, रोष

कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन, सुरक्षा की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 अगस्त।
पीएचई दफ्तर के अधिकारी-कर्मचारी दहशत के साए में हैं। बीते दिनों एक व्यक्ति ने अधिकारियों के चेम्बर में प्रवेश कर उनसे गाली गलौज की और धमकी भी दी। इसे लेकर दफ्तर के अधिकारी-कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। ये अधिकारी-कर्मचारी मामले में बुधवार को कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपे हैं। जिसमें उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। 

बताया जा रहा है कि 23 अगस्त को एक व्यक्ति ने ईई व एई के चेम्बर में घुसकर उन्हें धमकी दी। इतना ही नहीं अन्य ठेकेदारों से भी मारपीट की गई है। 
पीएचई कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे तथा एसपी प्रशांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। पीडि़त अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर को बताया कि मंगलवार को देवेंद्र अग्रवाल नाम के व्यक्ति ने अधिकारियों के चेंबर में प्रवेश कर उनसे गाली-गलौज की एवं धमकियां दी। कार्यालय के कार्यपालन अभियंता समीर शर्मा, सहायक अभियंता एफ। सी। बोरकर व उप अभियंता से लेकर भृत्य तक सभी से इसने दुव्र्यवहार किया। इसके साथ ही बाहर से भी असामाजिक तत्वों को बुलाया। जिसकी वजह से महिला कर्मचारी भी भयभीत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि शासकीय कार्य के संपादन के दौरान इस व्यक्ति द्वारा किए गए कृत्य से वे मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं। जिस दौरान यह घटना हुई, उस दौरान दुर्ग जिला लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ठेकेदार संघ के सदस्य भी मौजूद थे। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि जब ठेकेदार संघ के सदस्यों ने अभद्र व्यवहार करने पर रोकना चाहा, तब देवेंद्र अग्रवाल ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। साथ ही यह भी धमकी दी कि जिस निविदा में मैं अथवा मुझसे संबंधित लोग हिस्सा लेंगे, उसमें कोई दूसरा ठेकेदार टेंडर नहीं डालेगा। ठेकेदार संघ ने अपने ज्ञापन में संबंधित व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
 


अन्य पोस्ट