धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 10 जुलाई। नशाखोरी से बढ़ते अपराध और कंगाल होते परिवार, नशे के दलदल में फंस तबाह होती युवा पीढ़ी को बचाने के लिए जनपद सभापति सिन्धु बैस के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को एकजुट कर गांव को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया गया। इस काम में पुलिस प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है।
कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमर्रा में नशा के खिलाफ पूरे ग्रामवासी महिला पुरुष संगठित हुए और नशे के खिलाफ कैसे इस जंग को जितना है, इस पर गहन चर्चा की गई। इस पर जनपद सभापति सिन्धु बैस ने सुझाया कि अपने घर परिवार को बर्बाद करने वाले इस नशे से छुटकारा पाने के लिए हम महिलाओं को ही आगे आना पड़ेगा। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर महिला कमांडो का गठन जरुरी है।
गाँव के सभी वार्डों में महिलाओं की टीम बनाई जाए, जो अपने अपने मोहल्लों में होने वाले नशे के अवैध धंधे पर नजऱ रखेंगी, साथ ही जरायमपेशा लोगों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देकर नशा और अपराध रोकने में प्रशासन की मदद करेंगी।
सरपंच कुलेश्वर साहू ने इस काम में पूरा सहयोग करने की बात कहते हुए बताया कि पहले रमन राज में महिला कमांडो ने नशा और अपराध रोकने की दिशा में अच्छा काम किया था। लेकिन राजनीतिक कारणों से इसे भंग कर दिया गया। तब से नशे के सौदागरों ने गाँव-गाँव तक अपनी पहुंच बना ली है।
भखारा थाना प्रभारी नीरज दुबे ने ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अपराध रोकने पुलिस प्रशासन हर किसी के साथ खड़ी है। कानून के दायरे में रहकर काम करने वाली महिलाओं को पुलिस से पूरा सहयोग मिलेगा। इस मौके पर महिलाओं को साड़ी, डंडा, व टार्च वितरण का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सुरेखा निर्मलकर, संतोषी साहू, लता निषाद, सुनिता कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।