धमतरी

कुरुद, 17 मई। सेना के सम्मान और राष्ट्र की प्रतिष्ठा को गौरान्वित करने हेतु छत्तीसगढ़ शासन नगरीय निकाय विभाग के निर्देशानुसार नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने भारत माता के जयकारा लगा हाथों में तिरंगा लहराते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए।
शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक अभियान के तहत नगर पंचायत कार्यालय कुरूद से राष्ट्रगाण कर कारगिल चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर नपं अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता ने यह बता दिया है कि भारतीय सेनाएँ किसी भी स्थिति-परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरी दुनिया को यह बता दिया गया है कि भारत अब अपने देश की बहन-बेटियों का सिंदूर उजाडऩे वाले आतंकियों और उनकी मदद करने वालों को घर में घुस कर सज़ा देगा। वरिष्ठ भाजपा नेता निरंजन सिन्हा, मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहु, नगर संयोजक भोजराज चन्द्राकर, मालकराम साहू ने कहा कि हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है, क्योंकि जब सेना के जवान सीमाओं पर रात दिन जागकर उनकी सुरक्षा करते है तभी सीमाओं के अंदर हम सब चैन से सुरक्षित रह पाते है, किसी भी लड़ाई में जवानों की बहादुरी के साथ साथ जन सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है।