धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 मई। धमतरी में अंधड़ के साथ बिजली कडक़ी। बारिश हुई। इस दौरान रुद्री के भठगांव में बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई। युवक के हाथ में मोबाइल था। आशंका है कि उस दौरान नेट चालू रहा होगा और बाड़ी तरफ जाने से बिजली मोबाइल के साथ उस युवक तक पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम भटगांव निवासी रोहित सिन्हा अपने काम से लौट कर घर आया था। बाथरूम में टाइल्स का काम को देखने के लिए रात में अपने घर के पीछे बाड़ी की ओर गया था। अचानक बिजली गिरने से युवक का मोबाइल ब्लास्ट हुआ और जमीन पर गिर गया। आवाज सुनकर घर वालों ने देखा। आसपास के लोग को बताया और वहां पास रहने वाले लोगों के द्वारा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन एवं रक्तदान ग्रुप एंबुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान को सूचना दी। तत्काल एंबुलेंस लेकर उनके घर से जिला अस्पताल डॉक्टर से चेकअप कराया गया। डॉक्टर मृत्यु घोषित कर दिया गया।
तेज अंधड़ के साथ घंटेभर बारिश
शुक्रवार देर-शाम मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 7 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके साथ ही तेज अंधड़ चला। गरज-चमक के साथ बारिश का दौर करीब एक घंटे तक रुक-रुककर चलता रहा। दिनभर की तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप निकलती है, तो कभी आसमान में काले बादल छा जाते हैं। शुक्रवार को भी शाम होते-होते तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। धमतरी में आमतौर पर 10 जून के बाद मानसून आता है़ लेकिन इस बार समय से पहले ही प्री-मानसून की आहट दिख रही है। हर दिन दोपहर बाद मौसम बदल रहा है। मौसम विभाग ने 17 मई को भी बारिश की संभावना जताई है।
देर-शाम अंधड़, बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पूर्व मानसून दक्षिण अरब सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप के शेष हिस्से, अंडमान सागर और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग में अगले दो से तीन दिनों में सक्रिय होने की संभावना है। एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तर बांग्लादेश तक पूर्वी उत्तर, प्रदेश बिहार, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 17 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे के आसार है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की भी संभावना है।