धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 मई। एक बुजुर्ग और तेंदुए के बीच संघर्ष हुई। बुजुर्ग अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेंदुआ आ गया। बुजुर्ग पर 2 बार हमला किया। उसने अपनी जान बचाने लाठी से बचाव किया। इस घटना में बुजुर्ग के चेहरे, पैर में चोट आई है। फिलहाल, उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इधर जिस तेंदुए ने बुजुर्ग पर हमला किया, वह बुरी तरह घायल था। इलाज पूर्व उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व के रिसगांव रेंज में बुजुर्ग 55 वर्षीय रंजीत नेताम अपनी खेत की रखवाली कर रहा था। अचानक बुजुर्ग के पास तेंदुआ आ धमका। बुजुर्ग सोया हुआ था जब बुजुर्ग की आंख खुली तो सामने में तेंदुआ दिखाई दिया। जिसके बाद बुजुर्ग दहशत में आ गया। तेदुंए ने बुजुर्ग के गाल और पैर पर हमला किया। बुजुर्ग ने मौके पर रखे डंडे से अपना बचाव किया। जैसे-तैसे जान बचाकर वहां से भाग निकला। इसके बाद जाकर अपने घर में और ग्रामीणों को बताया। वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग मौके पर पहुंचकर तेंदुआ की रेस्क्यू करने में लगी हुई है। घायल बुजुर्ग रंजीत नेताम को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया कि बुजुर्ग को 6 से 7 टांके लगे हैं। फिलहाल ग्रामीणों को वन विभाग ने घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी हैं। तेंदुए का रेस्क्यू जारी है।
आपसी संघर्ष में घायल होने की आशंका
चार साल के नर तेंदुए की संदिग्ध हालत में मौत हुई। प्रारंभिक पोस्टमार्टम में उसकी पीठ पर 2 इंच लंबा घाव मिला। यह घाव 5 से 7 दिन पुराना है। तेंदुए के शरीर पर किसी जंगली जानवर, संभवत: दूसरे तेंदुए के दांतों के निशान भी मिले। वन विभाग के वरुण जैन ने बताया कि यह घाव क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर आपसी संघर्ष का नतीजा हो सकता है। मौत के असली कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।




