धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 मई। जिले के अंतिम छोर पर बसे मोंगरागहन पहुंचे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने 5 मई को उप स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। रोजाना इलाज के लिए आने वाले मरीजों के पंजीयन की स्थिति देखी। ओपीडी रजिस्टर की जांच की।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारी से कुपोषित और मध्यम कुपोषित बच्चों की संख्या पूछी। संस्थागत प्रसव की सुविधा के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि भवन की हालत खराब होने के कारण प्रसव सुविधा बंद कर दी गई है। इसके बाद कलेक्टर ने गांव की आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया। दीवार पर लगे सब्जियों के चित्र, गिनती और अक्षरों को देखकर बच्चों से सवाल किए। बच्चों ने उत्साह से सही जवाब दिए। इस पर कलेक्टर ने खुशी जताई। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि बच्चों को गरम और पौष्टिक भोजन दिया जाए। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की जानकारी ली।
उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा। रेडी-टू-ईट पैकेट्स की जांच की। निर्देश दिए कि पैकेट्स एक्सपायरी डेट के न हों, इसका ध्यान रखा जाए।