धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 फरवरी। शासन ने जनपद पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनने के लिए नवनिर्वाचित जनपद सदस्यों के लिए प्रथम सम्मिलन की तारिख तय कर दी है। इसके लिए पीठासीन और सहायक अधिकारी के तौर पर एसडीएम और तहसीलदार को जिम्मेदारी दे दी है। जिसके मुताबिक 4 मार्च को कुरुद जनपद में अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव होना है। इसको लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है।
गौरतलब है कि इस बार कुरुद जनपद पंचायत में भाजपा ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को बुरी तरह से हराकर 25 में से 22 सीट जीत ली है। पांच साल जनपद में राज करने वाले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने चुनाव नहीं लड़ा। नतीजन कांग्रेस को इस बार मात्र 3 सीट पर ही संतोष करना पड़ा। ऐतिहासिक 22 सदस्यों के साथ फिर से जनपद की सत्ता में लौटी भाजपा के समक्ष अब अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभापति तय करने की चुनौती है।
वर्तमान में अपने अपने क्षेत्र से चुन कर आये जनपद क्षेत्र क्रमांक 1 सेमरा सि-गितेश्वरी-हेमंत साहू निवास जोरातराई, 2 से सतीश जैन पचपेड़ी, 3-रेखा-शेषनारायण साहू बोरझरा, 4-डिकेश्वरी-हेमंत देवांगन गाड़ाडीह, 6-सिंधु-अजय बैस कुर्रा, 7-एवन साहू भेण्डरवानी, 8-रूमान कुर्रे बंगोली,9 कुलेश्वरी-दिनेश्वर साहू कातलबोड़,11-महेश ध्रुव गाड़ाडीह, 12-शकुंतला-रूपचंद देवांगन चारभाठा, 13-टेकराम साहू सिवनीकला,14-दिलीप चकधारी नारी,15- मनीषा- तिलोचन साहू दर्रा, 16-उर्वशी-जितेन्द्र बांधेकर, 17-हिमांशु साहू भाठागांव, 18-आनंद यदू सिर्वे, 20-अनुराग साहू कोण्डापार, 21-चंद्रशेखर साहू दरबा, 22-ललिता-रमेश भतपहरी कोडेबोड, 23-चित्रलेखा-परिक्षित ध्रुव चर्रा, 24- गंगाराम साहू जीजामगांव, 25-ठाकुरराम साहू मडेली शामिल है। इनमें से क्षेत्र क्रमांक 6 से निर्वाचित होकर आई सिंधु बैस पहले भी जनपद अध्यक्ष रह चुकीं है।
इसी तरह पचपेड़ी के सतीश जैन पूर्व में सभापति का दायित्व बाखूबी निभा चुके हैं। पार्टी संगठन के नजरिये से देखा जाए तो कुरुद जनपद में भखारा, सिर्री, कुरुद भाजपा मंडल के गाँव शामिल हैं। सोशल इंजीनियरिंग, क्षेत्रीयता और अनुभव के आधार पर जनपद बॉडी तय करने रणनीतिकारों को खूब मत्थापच्ची करनी पड़ेगी।
बहरहाल, शासन ने 27 फरवरी को जनपद के लिए निर्वाचन अधिसूचना प्रकाशन एवं प्रथम सम्मिलन की सूचना जारी कर दी है। जिसके मुताबिक 4 मार्च को कुरुद जनपद का प्रथम सम्मिलन बुलाया गया है। जिसमें सदस्य अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इसके लिए एसडीएम नभसिंह कोसले को पीठासीन और तहसीलदार दुर्गा साहू को सहायक अधिकारी की भूमिका निभाने का दायित्व शासन ने सौंपा है।