धमतरी

शिव-पार्वती विवाह समारोह कल से, 25 को निकलेगी शहर में बारात, अघोरी, भूत-प्रेत करेंगे डांस
21-Feb-2025 2:49 PM
शिव-पार्वती विवाह समारोह कल से, 25 को निकलेगी शहर में बारात, अघोरी, भूत-प्रेत करेंगे डांस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 फरवरी।
महाशिवरात्रि पर 26 फरवरी को शिवालयों में भोलेनाथ का विशेष पूजन होगा। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में 22 फरवरी से मनेगा। मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा 25 फरवरी को भोलेनाथ की बारात निकलेगी। इस शादी समारोह में बनारस से भूत-प्रेत के साथ अघोरी बाबा आएंगे। उज्जैन के डमरू नर्तक दल, आंगा देव, बस्तरिहा नृत्य की भी धूम मचेगी। देवी-देवताओं की वेशभूषा में कोलकत्ता, दुर्ग के कलाकार भी शामिल होंगे।

बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष आयोजन कराया जाता है। 22 फरवरी से महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरूआत होगी। इस दिन मंदिर में बूढ़ेश्वर महादेव को मेहंदी लगाई जाएगी। 25 फरवरी को विंध्यवासिनी मंदिर से शास्त्री चौक तक महादेव की शाही बारात निकलेगी। बारात सहित अन्य कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में 22 व 23 फरवरी को भोलेनाथ को मेहंदी लगाई जाएगी। 24 फरवरी को मंगल गीत, 25 को सुबह 5 बजे से 26 फरवरी को सुबह 5 बजे तक 24 घंटे का जलाभिषेक होगा। 5.30 बजे मंगल आरती एवं दर्शन, दोपहर 12.30 बजे भोग, आरती व शाम 4 बजे दिव्य शृंगार-दर्शन, रात 8 बजे महाआरती, भोग रात्रि 11.30 बजे महा शृंगार आरती एवं रात 12 बजे रुद्र अभिषेक आयोजित है। 26 फरवरी को शाम 7 बजे मंदिर परिसर में भजन संध्या आयोजित है।

हर दिन बदलता है भोलेनाथ का स्वरूप
इतवारी बाजार स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर 13 सौ वर्ष पुराना है। मंदिर को भव्य रूप देने निर्माण कार्य जारी है। जीर्णोद्धार में करीब 3 करोड़ खर्च हो रही है। बूढ़ेश्वर महादेव को उनके भक्त हर दिन अलग स्वरूप देते हैं। कभी फूल, फल, बिस्किट, नारियल, मिठाई सहित अन्य सामग्रियों से सजावट करते हैं। लोगों को भी यह सजावट आकर्षिक करता है। रोज रात्रि 8 बजे मंदिर में महादेव की विशेष आरती होती है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं।

नागेश्वर मंदिर में 6 दिवसीय महोत्सव
महाशिवरात्रि महोत्सव नागेश्वर मंदिर में धूमधाम से मनाया जाएगा। 21 को सगाई समारोह, 22 को मेहंदी समारोह, 23 को भस्म आरती व हल्दी समारोह, 24 को संगीत समारोह और 26 फरवरी को शुभ विवाह कार्यक्रम होगा। 25 फरवरी को जलाभिषेक सुबह 9 बजे से शुरू होगा। 


अन्य पोस्ट