धमतरी

जैव सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 फरवरी। रायगढ़ जिले में बर्ड फ्लू के केस मिलने के बाद प्रदेश के सभी जिलों को अलर्ट किया है। पशु चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा पोल्ट्रीफार्म संचालकों की बैठक बुलाई। बर्ड फ्लू की जानकारी देकर पक्षियों के असामयिक मृत्यु की सूचना तत्काल विभाग को देने कहा है।
बैठक में बताया कि पोल्ट्रीफार्म व चिकन सेंटर से जांच के लिए सैंपल रायपुर भेजे जाएंगे। पूर्व में 143 सैंपल रायपुर भेजे थे, जो निगेटिव मिले। डायरेक्टर के आदेश के बाद फिर से सैंपल लिए जाएंगे। इसकी जानकारी संचालकों को दी गई है। जिले में 61 पोल्ट्री फार्म हैं। इसके अलावा जिलेभर में 700 से अधिक चिकन सेंटर हैं। नगर निगम क्षेत्र में ही पंजीकृत 43 चिकन सेंटर हैं।
उप संचालक डॉ. एमएस बघेल ने बताया कि जिले में 61 पोल्ट्री फार्म संचालक हैं, जिनकी बैठक बुलाई गई थी। सभी को बर्ड फ्लू संक्रमण की जानकारी दी गई है। साथ ही जैव सुरक्षा के नियमों का पालन करने चेताया। इसके अलावा कहीं भी पक्षियों के असामयिक मृत्यु की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल विभाग को सूचित करने कहा गया। पोल्ट्री फार्म में असामयिक मरने वाले मुर्गियों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
यह है जैव सुरक्षा के नियम
जैव सुरक्षा नियम के अनुसार सूक्ष्मजीव, वायरस, परजीवी आदि से जुड़े खतरों को कम करना है। इन नियमों का पालन सूक्ष्म जीवों से जुड़े उत्पादों को संभालने वाले व काम करने वाले कर्मचारियों को करना होता है।
पक्षियों से पक्षी को संक्रमण होता है
डॉ. एमएस बघेल ने बताया कि बर्ड फ्लू मनुष्यों में अब तक नहीं फैला है। पक्षियों से मनुष्य को संक्रमण तो हो सकता है, लेकिन संक्रामक बीमारी की तरह दूसरे व्यक्ति को नहीं होगा। घर में संक्रमण पक्षी के साथ अन्य पक्षी हो, तो संक्रमण फैल सकता है।