धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 4 फरवरी। जिले में धान खरीदी 31 जनवरी को खत्म हो गई। अंतिम दिन 17 किसान सोसाइटी पहुंचे, जिन्होंने 7751 क्विंटल धान बेचा। जिले में 1 लाख 23 हजार 764 किसानों ने 14 अरब 27 करोड़ 26 लाख रुपए का 61 लाख 98 हजार 136 क्विंटल धान बेचा है।
खाद्य अधिकारी बीके कोर्राम ने बताया कि 55.54 लाख क्विंटल धान का उठाव हो गया। 6.55 लाख क्विंटल का उठाव मिलर्स को डीओ जारी किया है। धान बेचने 1 लाख 29 हजार 135 किसानों ने पंजीयन कराया था। 14 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आरंभ हुई, जो 31 जनवरी तक चली। जिलेभर में 1 लाख 23 हजार 764 किसानों ने 61 लाख 98 हजार 130 क्विंटल धान बेचा है, जिसकी कीमत 14 अरब 27 करोड़ 26 लाख 41 हजार 752 रुपए है। सहकारिता विभाग के अनुसार इस साल धान बेचने 67 लाख 70 हजार 609 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य था, लेकिन यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। 5371 किसान धान बेचने सोसाइटी पहुंचे ही नहीं। लक्ष्य पूरा करने से 5 लाख 72 हजार 479 क्विंटल पीछे रह गए।
किसानों ने रकबा समर्पण किया
जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के दौरान उडऩदस्ता दल ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। 77 प्रकरण में 5 हजार 343 क्विंटल धान जब्त किया। पंजीकृत रकबे में से 4132.99 हेक्टेयर रकबा 43 हजार 815 किसानों ने समर्पण किया है। वहीं जिले में 11 बैंक शाखाओं के 74 समितियों के 100 खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी हुई। सोसाइटियों में छोटी-छोटी शिकायतों को छोडक़र कहीं भी कोई बड़ी शिकायतें सामने नहीं आईं।
धान खरीदी के मामले में जिले में टॉप-3 शाखाओं में नगरी शाखा अव्वल रही। यहां की सोसाइटियों में 19897 किसानों ने 11 लाख 10 हजार 236 क्विंटल धान खरीदा। दूसरे नंबर पर धमतरी शाखा रही। यहां 18061 किसानों ने 8 लाख 14 हजार 917 क्विंटल धान बेचा। तीसरे नंबर पर मगरलोड शाखा रही, यहां 15078 किसानों ने 7 लाख 86 हजार 473 क्विंटल धान बेचा।