धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 जनवरी। वन्देमातरम परिवार एवं भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत, विचारक और युवाओं के मार्गदर्शक स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नेताओं ने उनके संदेश को याद करते हुए स्वामी जी के नक्शे कदम पर चलने का संकल्प लिया।
कुरुद के इंडोर स्टेडियम में 12 जनवरी को एक सादे समारोह में यूथ आइकॉन राष्ट्र नायक स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। इस मौके पर पूर्व नपं अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने शिकागो में हुई विश्व धर्म संसद में भारत के युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद द्वारा दिए गए धर्म संस्कृति पर आधारित व्याख्यान का उल्लेख करते हुए कहा कि तब स्वामी जी ने बोला था कि आप लाख भौतिक प्रगति कर लो, लेकिन अपने धर्म संस्कृति पर गर्व नहीं करते तो आप मृतत्व के समान है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पीएम मोदी जी जहाँ देश में राम मंदिर बनवा रहे, वहीं भारत को चन्द्रमा के साउथ पोल में कदम रखने लायक बना रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने बताया कि विश्व में जब भारत की छवि अंधविश्वासी, सांप-भालू पकडऩे और ताबीज़ बेचने वाले देश के रूप में थी, तब स्वामी जी ने विश्व को एक नया दर्शन देकर अचंभित कर दिया था। वन्दे मातरम् समिति प्रमुख भानु चंद्राकर ने कहा कि भक्तिकाल में गोस्वामी तुलसीदास, कबीर,नानक, ज्ञानेश्वर जैसे संतों ने देश को एकता के सूत्र में पिरोए रखा था, उसी सोए भारत की धर्म संस्कृति को जागृत करने का काम स्वामी विवेकानंद ने किया था। जो बीज तुलसीदास ने बोया और विवेकानंद ने फैलाया था, उसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी अमृत काल में नये भारत का निर्माण कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा नेता मालकराम साहू, किशोर यादव, कमल शर्मा, भारत ठाकुर, संजू चन्द्राकर, थनेश्वर साहु, नरेन्द्र सोनी, सोमनाथ सिन्हा आदि उपस्थित थे।