धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 दिसंबर। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। इससे आसमान साफ हो गया है। वहीं हवा की दिशा फिर से उत्तर हो गई है। जिससे तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होगी। इससे कड़ाके की ठंड की स्थिति फिर लौटेगी। सोमवार को सुबह घने कोहरे के भी स्थिति रही।
सोमवार को मौसम सामान्य रहा। दिनभर मौसम शुष्क बना रहा, जिसके चलते दोपहर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, रात में हल्की ठंडी का अहसास हुआ, लेकिन दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी- तटीय तमिलनाडु के निकट पहुंचने की सम्भावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के मध्य भाग में स्थित है। प्रदेश में 23 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है। किन्तु विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन जारी रहने के कारण हल्के और निम्न स्तर के बादल रह सकते हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भारतीय क्षेत्र को 27 दिसम्बर को प्रभावित करने के कारण 27 व 28 दिसम्बर को उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की वर्षा संभावित है। 30 दिसम्बर से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ होने की संभावना बन रही है।
दिन में थोड़ी गर्मी का भी अहसास हुआ
जिले में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पारा 31.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। गिरावट के बाद भी तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। लिहाजा लोगों को दिन में थोड़ी गर्मी का भी अहसास हुआ। दोपहर में धूप तेज होने के साथ ही गर्मी का अहसास हुआ।
हालांकि, दिन ढलने के बाद रात में हल्की ठंड लगने लगी। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन प्रदेश के जिलों में 3 से 4 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। मध्य भाग में दो से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है।