धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 19 दिसंबर। समर्थन मूल्य पर जिले के किसानों से धान खरीदी जारी है। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2024- 25 के तहत 100 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीद रहे।
खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम ने बताया कि जिले में 68 हजार 798 किसानों से कुल 3 लाख 02 हजार 760.12 मीट्रिक टन धान खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई है। मिलर्स द्वारा जिले में 1 लाख 3 हज़ार 526.82 मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है।
100 में से 66 ऐसे केंद्र हैं, जहां मेगा जाम होने से खरीदी प्रभावित है। महीनेभर में डेढ़ हजार से ज्यादा किसानों का धान नमी समेत अन्य कारणों से रिजेक्ट हो चुका है। जिले में धान बेचने इस साल 1 लाख 27 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। 17 दिसंबर की स्थिति में 100 खरीदी केन्द्रों में 68 हजार 174 किसान 29 लाख 92 हजार 384 क्विंटल धान बेच चुके हैं।
7 ऐसे केंद्र, जहां क्षमता से दोगुना धान जाम
धमतरी जिले में 7 ऐसे केन्द्र हैं, जहां बफर लिमिट से दोगुना धान डंप ह। इनमें चिंवरी, कोकड़ी, दर्रा, अंवरी, डोंगरडूला, सिवनीकला, कुंडेल शामिल हैं। वहीं बफर लिमिट से ज्यादा धान जाम वाले 66 केन्द्रों में 8 लाख 92 हजार 834 क्विंटल धान जाम है। इधर सहकारी समिति प्रबंधक, ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र साहू ने कहा कि छाती, करगा, शंकरदाह, बगदेही, सिंगपुर, दरबा, खिसोरा, सांकरा, गट्टासिल्ली समेत 66 केन्द्रों में तो अब धान खरीदी की भी जगह नहीं है। बार-बार उच्चाधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उठाव में गति नहीं आ रही है। अव्यवस्था से प्रबंधकों, ऑपरेटरों के साथ किसान परेशान हैं। 21 दिसंबर को प्रबंधकों, ऑपरेटरों की बैठक बुलाई है, जिसके बाद 23 दिसंबर से धान खरीदी बंद किया जा सकता है।