धमतरी
फायरमैन के दरवाजे में अंगुली कुचलाने से लगे 6 टांके
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 दिसंबर। पोटियाडीह स्थित कोयला भट्टी में अचानक आग भभक उठी। लपटें तेजी से बढ़ते देख फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी, जिसके बाद करीब 3 घंटे की मशक्कत में रात 12 बजे आग पर काबू पाया।
आग बुझाने में करीब 8 हजार लीटर पानी खर्च हुआ। आग बुझाने के बाद जैसे ही फायर कर्मी लौट रहे थे, तभी अंधेरा होने के कारण फायरमैन शीतेश पवार घायल हो गया। दमकल वाहन के दरवाजे में फंसने से उसकी अंगुली कुचल गई, जिसमें 6 टांके लगाए गए हैं।
पोटियाडीह में सडक़ किनारे कोयला भट्टी है। 14 दिसंबर की रात करीब 9 बजे अचानक यहां आग की लपटें उठने लगीं। आशंका है कि किसी शरारती तत्व की करतूत है। कोयला भ_ी में लगी आग की लपटें तेजी के साथ उठीं। तत्काल कोयला भ_ी में रह रहे व्यक्ति ने सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
नगर सेना विभाग के जिला सेनानी शोभा ठाकुर ने टीम रवाना किया। फायर टीम ने आग को बुझाने कड़ी मशक्कत की। 3 घंटे तक 2 टैंकरों की मदद से रात 12 बजे आग पर काबू पाया गया।


