धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू होने के साथ अवैध भंडारण भी कोचियों द्वारा किया जा रहा है। खाद्य विभाग की टीम ने 15 नवंबर को 3 दुकानों में छापा मारा। दुकानों का निरीक्षण करने के दौरान 452 क्विंटल धान मिला। धान के दस्तावेज दुकानदार नहीं दिखा सके। सभी धान मंडी अधिनियम के जब्त कर कार्रवाई की गई।
खाद्य निरीक्षक नरेश पिपरे ने बताया कि शुक्रवार को धमतरी ब्लॉक के गांवों में जांच की। कोलियारी में सुयश ट्रेडर्स के शत्रुघ्न सोनकर, कलारतराई में न्यू सुयश ट्रेडर्स और संबलपुर में शीतल कुमार बग्गा के प्रतिष्ठान की जांच की। सुयश ट्रेडर्स में 291 कट्टा धान 116.4 क्विंटल, न्यू सुयश ट्रेडर्स में 786 कट्टा धान 314.4 क्विंटल तथा शीतल कुमार बग्गा संबलपुर की दुकान में 54 कट्टा 21.60 क्विंटल अवैध धान का भंडारण मिला। तीनों फर्म संचालकों पर मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर 452.4 क्विंटल धान जब्त किया। अवैध धान भंडारण, परिवहन की जांच करने राजस्व, खाद्य विभाग और सहकारिता एवं मंडी के अधिकारियों का दल गठित किया है। दल ने एक दिन पहले 14 नवंबर को कुरूद ब्लॉक के चर्रा स्थित पन्नालाल देवांगन के प्रतिष्ठान में कार्रवाई कर 40 कट्टा धान जब्त किया।
5 चेकपोस्ट में टीम तैनात
जिले के सीमा क्षेत्र अंतर्गत 5 स्थानों पर चेकपोस्ट बनाया है। इन रास्तों से दूसरे जिले व दूसरे राज्यों का धान धमतरी में अवैध रूप से बेचा जाता है। इन्हें रोकने के लिए टीम को तैनात कर दिया है। बीते साल गरियाबंद के अलावा ओडिशा से धान खपाने की शिकायतें मिलीं, कार्रवाई भी हुई थी। ओडिशा से लगे बोराई चेक पोस्ट, बनरौद चेक पोस्ट, सांकरा, कांकेर जिले की सीमा से लगे बांसपानी, गरियाबंद सीमा में सिंगपुर चेक पोस्ट टीम को तैनात किया है।


