धमतरी

धमतरी में 15 मिनट तेज बारिश, सडक़ पर भरा पानी
30-Oct-2024 2:50 PM
धमतरी में 15 मिनट तेज बारिश, सडक़ पर भरा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 30 अक्टूबर। धमतरी में मंगलवार की देर-शाम अचानक बारिश हुई। करीब 7 बजे बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हुआ। आमापारा में आधा फीट तक पानी भर गया।

29 अक्टूबर को धनतेरस मुहूर्त में धमतरी में बाजार गुलजार रहा। दिनभर कपड़ा, सराफा, बर्तन आदि दुकानों में खरीदारों की भीड़ रही। फुटपाथ बाजार की भी रौनकता रही। इस बीच देर-शाम बाजार की ग्राहक पर मौसम ने पानी फेर दिया। करीब 7 बजे मौसम में बदलाव आया। कुछ ही देर बाद बूंदाबांदी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब 15 मिनट तक बारिश हुई, जिससे आमापारा में जैन मंदिर से लेकर आमापारा चौक तक सडक़ में पानी भर गया। दिनभर मौसम साफ रहने के बाद देर शाम को बारिश होने से बाजार की व्यवस्था ही बिगाड़ दी।

घड़ी चौक से लेकर मठ मंदिर, कचहरी चौक, सदर बाजार, रामबाग चौक तक फुटपाथ में सैकड़ों लोग धनतेरस, दीपावली व दिवाली पूजन सामग्रियां बेचने के लिए बैठे है। मुहूर्त की खरीदी को लेकर बाजार में अच्छी ग्राहक भी रही, लेकिन बारिश ने इस पर पानी फेर दिया।

धनतेरस पर 75 बाइक, 50 कार की डिलीवरी

मंगलवार को बाजार सुबह से देर-शाम तक बाजार गुलजार रहा। धनतेरस पर पहले से बुकिंग कराने वालों ने बाइक व कार की डिलीवरी की। ऑटो डीलरों के मुताबिक दिनभर में 75 से अधिक बाइक व 50 से अधिक कार की डिलीवरी भी हुई। जिलेभर में 277 नए पीएम आवास में गृहप्रवेश भी प्रशासन ने करवाया है। इधर सराफा बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सोने-चांदी के दाम बढ़े होने के बावजूद बाजार में खरीददारों की खूब भीड़ रही। कुछ पंडितों के मुताबिक 30 अक्टूबर को भी दोपहर तक धनतेरस मुहूर्त बताया है।

277 पीएम आवास में किया गृह प्रवेश

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 277 पूर्ण आवास में धनतेरस पर गृह प्रवेश कराया गया। जिले में योजना के तहत जिपं सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में पीएम आवास योजना के तहत 121 व पीएम जन मन के तहत 156 आवास पूर्ण कर लिया गया है। इन आवास में धनतेरस पर विधि-विधान पूजा अर्चना कराकर गृह प्रवेश कराया गया। सभी 277 आवास में एक ही दिन गृह प्रवेश कराया गया है।

1 नवंबर की रात अमावस्या नहीं, इसलिए कल लक्ष्मी पूजा

पं. शिवप्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि 31 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 6 मिनट से 1 नवंबर शुक्रवार को शाम 5 बजकर 8 मिनट तक अमावस्या है। दीपावली का पर्व गोधुली बेला में सूर्यास्त के बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ होता है। 1 नवंबर को गोधुली बेला एवं रात में अमावस्या नहीं है। दीपावली का पर्व 31 अक्टूबर को ही मनाना शुभ शास्त्र सम्मन व सर्वोत्तम है। गोवर्धन पूजा अन्नकूट 2 नवंबर शास्त्र सम्मत है। भाई दूज 3 नवंबर को मनाया जाना शास्त्र सम्मत है।


अन्य पोस्ट