धमतरी

लचर कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने सीएम का जलाया पुतला, पुलिस से छीना-झपटी
28-Oct-2024 4:27 PM
लचर कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने सीएम का जलाया पुतला, पुलिस से छीना-झपटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 28 अक्टूबर। बलरामपुर में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। इस मामले को लेकर धमतरी के कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ 27 अक्टूबर को शाम 4.30 बजे गांधी मैदान में प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन के बाहर ही पुलिस पुतला छीनने की कोशिश की, तो कांग्रेसियों ने गेट पर ही मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का पुतला जला दिया। इसके बाद जलते पुतला को घेरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से छीना-झपटी भी हुई।

कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में भाजपा सरकार बैठी, तब से अपराधों का ग्राफ बढ़ा है। पुलिस हिरासत में भी संदिग्ध मौत हो रही है।

कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन से नारेबाजी करते बाहर निकला और मुख्यमंत्री, गृह मंत्री का पुतला दहन किया। पुतला को छीनने को लेकर पुलिस और कांग्रेसियों में छीना-झपटी हुई।  विधायक ओंकार साहू ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। बस्तर से सरगुजा तक अराजकता का माहौल है। बलरामपुर में पुलिस हिरासत में एक युवक का शव फंदे में लटका मिला। इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आकाश गोलछा, अरविंद दोशी, राजेश ठाकुर, दीपक सोनकर, साहिल अहमद, गुड्डा दीवान, संजू साहू, मिथलेश साहू, विशु देवांगन, पिंदू यादव, खिलेन्द्र साहू मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

महापौर विजय देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार की विफलता की जवाबदेही मुख्यमंत्री की है। मुख्यमंत्री का नियंत्रण सरकार पर नहीं है। सरकार बेपटरी हो चुकी है। 4 एसपी और कलेक्टर, दर्जनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हटाने के बाद भी सरकार कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रही। मुख्यमंत्री को ऐसा लगता है कि गृहमंत्री की गलती ही नहीं है, तो सरकार की नाकामी की जिम्मेदारी खुद लेकर तत्काल इस्तीफा दें।


अन्य पोस्ट